सिधौली व कमलापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो शव बरामद किए हैं। इनमें सिधौली में मिले शव की शिनाख्त हो गई है। शव एक रिक्शा चालक बताया जा रहा है। जबकि कमलापुर थाना क्षेत्र में मिले शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस इस मामले को सड़क हादसा बता रही है।
सिधौली में तहसील के निकट मंगलवार को पुलिस ने एक शव बरामद किया। उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। जांच के बाद सूचना परिवार को दी गई। मौके पर पहुंचे परिवार के सदस्यों ने उसकी पहचान संदना के ग्राम डेंगरा निवासी राजेश कुमार (40) के रूप में की।
परिवार का कहना है कि राजेश रिक्शा चालक था। वह रिक्शा लेकर सिधौली गया था। परिवार ने संदेह जताया है कि अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी मौत हुई है। इधर, कमलापुर के ग्राम ककैया पारा के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे पुलिस ने एक युवक का शव पड़ा देखा।
शव सड़क के किनारे झाड़ियों में पड़ा था। उसने काली शर्ट व नीली जींस पैंट पहन रखी थी। सिर पर चोट थी। उसकी उम्र 30 वर्ष के करीब बताई जा रही है। क्षेत्र के नागरिक इस घटना में हत्या का संदेह जता रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि युवक इस क्षेत्र का निवासी नहीं है। जिसकी वजह से उसकी पहचान नहीं हो पा रही है।
थानाध्यक्ष राम औतार यादव ने बताया कि घटना के हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।