शहर कोतवाली क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत निकल भागा लेकिन रास्ते में बिजवार के निकट ट्रक ने नगर पालिका के ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। यहां से भागते समय ट्रक बाईपास पर अनियंत्रित होकर कीचड़ में फंस गया। जिसके बाद चालक वाहन को छोड़कर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
खैराबाद के ग्राम शंकरपुर निवासी दीपू (35) शनिवार को अपने रिश्तेदार लालपुर निवासी योगेश (40) व भांजे शहर के पुरवा नैपालापुर निवासी पवन (12) पुत्र अनिल के साथ बाइक से नैपालापुर मेला देखने जा रहा था। रास्ते में शहर कोतवाली क्षेत्र में एक होटल के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे मोटर साइकिल सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना पाते ही खैराबाद में गश्त कर ही डायल 100 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल ले गई। लेकिन अस्पताल जाते समय दीपू ने रास्ते में दम तोड़ दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि दो को भर्ती कर लिया। दोनों की हालत चिंता जनक बनी हुई है।
बताते हैं कि बाइक को टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक वाहन समेत वहां से निकल भागा। रास्ते में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर आरएमपी कॉलेज मोड के पास ट्रक ने नगर पालिका के ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर के परखचे उड़ गए। इसी बीच वहां से भागते समय ट्रक कीचड़ में फंस गया। इसके बाद चालक वाहन को मौके पर छोड़कर निकल भागा।