हरगांव में शुक्रवार को झरेखापुर व गदनापुर के निकट दो सड़क हादसे हुए। झरेखापुर के निकट ट्रैक्टर ट्रॉली ने साइकिल में टक्कर मार दी। इससे साइकिल सवार छात्रा की मौत हो गई।
जबकि गदनापुर के निकट एक कार की टक्कर से ग्रामीण की सांसें थम गईं। रामकोट में एक डीसीएम ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी दुधमुंही बच्ची व भाई मामूली रूप से जख्मी हो गए।
मछरेहटा के ग्राम भदेभर निवासी अमित की पुत्री रेशमा देवी (12) अपने ननिहाल हरगांव के ग्राम गनेशपुर निवासी अवधेश कुमार के घर रहती थी। यहां पर वह क्षेत्र के झरेखापुर कस्बा स्थित कमला शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में कक्षा 7 की छात्रा थी।
शुक्रवार सुबह रेशमा साइकिल से कॉलेज जा रही थी। सीतापुर लखीमपुर मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवारीजन उसे लेकर जिला अस्पताल भागे। लेकिन रेशमा ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धापूपुर पकरिया निवासी मलिखे (45) साइकिल से कस्बा हरगांव गया था। घर लौटते समय सीतापुर लखीमपुर मार्ग पर गदनापुर निकट एक तेज रफ्तार कार ने साइकिल में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी, कि साइकिल सवार कई फीट हवा में उछलकर दूर जा गिरा। स्थानीय नागरिक उसे लेकर जिला अस्पताल भागे पर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मिश्रिख के बलियापुर निवासी सुशील की पत्नी सोमवती (30) अपने भाई मिश्रिख के बैकुंठपुर निवासी सोनू (35) अपनी दुधमुंही पुत्री छोटकी (7 माह) के साथ बाइक से अपनी रिश्तेदारी में लखीमपुर के खीरी थाना मांगूखेड़ा जा रही थी।
रामकोट में सीतापुर-हरदोई मार्ग पर नवीन चौक के निकट एक डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक पार सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सोमवती ने जिला अस्पताल जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवती की पुत्री व बच्ची को मामूली चोटें आईं हैं।