चुनाव ड्यूटी के प्रशिक्षण से गैरहाजिर रहने पर दो सहायक निर्वाचन अधिकारियों के खिलाफ डीएम डॉ. सारिका मोहन ने केस दर्ज कराने के अलावा विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की है।
जिस पर कलेक्ट्रेट के अभिहित अधिकारी अरविंद कुमार यादव ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक कुमार व अजय कुमार सोनी के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है। यह कार्रवाई प्रशिक्षण से नदारद रहने के बाद मेडिकल के लिए भी उपस्थित न होने पर की गई है।
निकाय चुनाव में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक कुमार मिश्र को नगर पालिका लहरपुर के वार्ड संख्या 1 से 5 का और अजय कुमार सोनी को नगर पालिका बिसवां के वार्ड संख्या 1 से 5 का सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है।
इन अफसरों को डीएम के इस आदेश से अवगत करा दिया गया। वहीं 26 अक्तूबर के प्रशिक्षण कार्यक्रम में बुलाया गया। यह दोनों अफसर प्रशिक्षण से गैरहाजिर रहे। जिस पर मेडिकल मांगा गया।
मेडिकल उपलब्ध न कराने पर जब इनसे संपर्क का प्रयास किया गया तो मोबाइल बंद मिला। डीएम ने इस लापरवाही पर दोनों अफसरों के खिलाफ केस दर्ज कराने के साथ ही विभागीय कार्रवाई की संस्तुति करने के निर्देश दिए हैं।