चोरों ने सोमवार रात खैराबाद, तंबौर व रामपुर कलां क्षेत्र में कई स्थानों से जेवर, नकदी, बर्तन समेत करीब पौने तीन लाख रुपये का माल पार कर दिया। सभी घटनाओं की सूचना संबंधित थाने को दे दी गई है। हालांकि पुलिस ने मामलों में अभी तक केस दर्ज नहीं किया।
खैराबाद इलाके के कस्बाती टोला निवासी अकील अहमद की हटौरा मोहल्ले में दरी फैक्ट्री है। यहां से चोरों ने बैट्री, ठेलिया, दरियां समेत करीब 50 हजार का माल पार कर दिया। इसके अलावा यहीं के निवासी शकील अहमद के घर ताला तोड़ कर चोरों ने आठ हजार की नकदी, टीवी, बैट्री समेत करीब 50 हजार का सामान चोरी कर लिया।
कस्बे के जोशी टोला निवासी राजकुमार के घर से चोरों ने सिलाई मशीन, बर्तन आदि 20 हजार रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। तंबौर इलाके के रेउसा मोड़ पर सुनील जायसवाल की मोबाइल शॉप है।
यहां से चोरों ने नकब लगा कर दो लैपटॉप, एक इनवर्टर, 23 मोबाइल, पांच हजार नकदी, रिचार्ज कूपन सहित लगभग एक लाख रुपये का माल पार कर दिया। सुबह जानकारी होने पर सुनील ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच पड़ताल की है।
इसके अलावा चोरों ने रामपुर कलां क्षेत्र के बिलौली चौराहे पर स्थित विनोद मिश्रा की मोबाइल शॉप से मोबाइल, रिचार्ज कूपन व सात हजार की नकदी सहित करीब 50 हजार रुपये का माल पार कर दिया।
यहीं के सलीम की साइकिल दुकान से चोरों ने पांच हजार का सामान चोरी कर लिया। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है।