पडरौना। मंगलवार की रात तकरीबन नौ बजे कोतवाली क्षेत्र के सोहरौना गांव के निकट तीन युवक हाइवे पर ही घायलावस्था में मिले। वहां एक बाइक भी पड़ी थी।
गांव के लोगों ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया और गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि तीन युवक एक ही बाइक से कसया की ओर जा रहे थे। सोहरौना गांव के पास किसी वाहन से टकराकर तीनों घायल हो गए।
उसके बाद घटनास्थल पर भीड़ जुट गई। रवींद्रनगर पुलिस चौकी के इंचार्ज निजामुद्दीन ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया।
घायल हुए युवकों की पहचान मुन्नू पुत्र सम्मी उम्र 19 वर्ष निवासी कसेरा टोली पडरौना, भोला पुत्र इसहाक उम्र 22 वर्ष निवासी जमालपुर पडरौना और पिंटू पुत्र इद्रीश उम्र 20 वर्ष निवासी मलंग बाबा स्थान पडरौना के रूप में की गई। इनमें मुन्नू को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य दो युवकों को मेडिकल रेफर कर दिया गया।