पिसावां के कुतुबनगर में रविवार सुबह उचक्कों ने एक सराफा दुकान से जेवरात व नकदी से भरा बैग पार कर दिया। वारदात के समय दुकान मालिक पड़ोस के एक हैंडपंप पर हाथ धोने गया था। वापस पहुंचा तो बैग गायब था। बैग में करीब सात लाख रुपये के जेवरात व नकदी रखी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की।
पिसावां के कुतुबनगर स्थित ठाकुरद्वारा निवासी राकेश कुमार वर्मा की कुतुबनगर के मुख्य चौराहे पर आभूषणों की दुकान है। राकेश ने बताया कि रविवार को उसने दुकान खोली और सफाई की। सफाई के बाद पांच हजार नकदी व जेवरात सहित करीब सात लाख के माल से भरा बैग उसने दुकान में ही काउंटर के नीचे रख दिया और पास के एक हैंडपंप पर हाथ धुलने चला गया।
इसी बीच उचक्कों ने उसका बैग पार कर दिया। जब वह लौटा तो जेवरात से भरा बैग गायब था। इस पर उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।