लहरपुर कोतवाली इलाके में पुरानी रंजिश के चलते सोमवार को एक युवक को बुलाकर ले जाने के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद युवक की लाश उसी के खेत के पास फेंक दी गई। मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। हालांकि पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
लहरपुर के कहारनपुरवा मजरा बहिया बैरामपुर गांव निवासी सुनील कुमार (35) पुत्र प्रेम कुमार सोमवार को अपने डनलप से गन्ना लेकर आंबाघाट स्थित गन्ना क्रय केंद्र गया था। इसके कुछ देर बाद संदिग्ध हालात में सुनील की लाश उसी के खेत के पास पड़ी मिली। घटना की सूचना पाकर परिवारीजन मौके पर पहुंचे और कोतवाली में खबर दी। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी। मृतक के परिवारीजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
मृतक के चचेरे भाई दिनेश कुमार ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोग सुनील को गन्ना क्रय केंद्र से बुला ले गए। इसके बाद उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और लाश उसी के खेत के पास फेंककर भाग गए। दिनेश ने बहिया
बैरामपुर निवासी सर्वेश, मनीष, गोविंद, मटरू व बेनीसरांय निवासी छोटक न्नू पर पुरानी रंजिश में हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
इंस्पेक्टर विनय गौतम का कहना है कि घटना संदिग्ध लग रही है, मगर मृतक के परिवारीजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। जिसके चलते तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।