सदरपुर थाना क्षेत्र के लालपुर पट्टी गांव में एक विवाहिता का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटकता मिला। मौके पर पहुंचे मृतका के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
सदरपुर के लालपुर पट्टी गांव निवासी सुमन (20) पत्नी लवकुश पति व सास के साथ घर में रहती थी। गुरुवार देर शाम उसका शव घर के कमरे में फंदे से लटकता मिला।
पति ने बताया कि वह सुबह काम से चला गया था। घर में पत्नी व मां थीं। जब देर शाम घर पहुंचा तो उसकी मां मिली, लेकिन पत्नी नहीं मिली। बताते हैं कि दोपहर में सुमन व उसकी सास के बीच तकरार हुई थी।
जिसके बाद देर शाम जब कमरा खोला गया तो सुमन का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पाकर बस्ती जिले के परशुरामपुर इलाके के भदनिया गांव निवासी मृतका के पिता मंशाराम भी पहुंच गए थे।
मंशाराम ने दहेज में दो लाख रुपये मांगे जाने का आरोप लगाया। बताया कि रुपये न मिलने पर उसकी पुत्री को मार डाला गया। हालांकि उसने समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी थी। एसओ शिव गोपाल का कहना है कि तहरीर नहीं मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।