परसेंडी इलाके के एक प्राथमिक स्कूल में प्रधानाध्यापक व शिक्षिकाओं के बीच चल रहे विवाद ने गुरुवार को तूल पकड़ लिया। प्रधानाध्यापक ने गांव के कुछ दबंगों को बुलाकर शिक्षिकाओं को धमकाया। जान से मारने की धमकी दी। इससे शिक्षिकाएं सहम गई।
उन्होंने इसकी सूचना पुलिस व प्रशासन को दी। इस पर अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। जिस समय घटना हुई उस समय स्कूल में शिक्षण कार्य चल रहा था। पुलिस का कहना है तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
परसेंडी विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय टप्पा खजुरिया में गिरीश चंद्र श्रीवास्तव प्रधानाध्यापक है। यहां पर प्रियंका वर्मा, ऋतु मलिक, शालिनी वर्मा व प्रियंका कुशवाहा सहायक अध्यापिका है। आरोप है प्रधानाध्यापक कई माह से शिक्षिकाओं को परेशान कर रहे है।
अभद्र भाषा का प्रयोग करते है। हर काम में कोई न कोई अड़ंगा लगा देते है। इसकी शिकायत इससे पहले बीईओ से की गई थी, जिससे वह खिन्न होकर और परेशान करने लगे है। गांव में जाते समय बीच रास्ते में रोका जाता है। कक्षा में चुपके से फोटो खींची जाती है व देख लेने की धमकी दी जाती है।
इसका विरोध करने वाले अन्य शिक्षकों को भी डराया धमकाया जाता है। गुरुवार को शिक्षण कार्य चल रहा था। तभी गांव के हेमराज, साबिर, मायाराम सहित अन्य लोगों ने कक्षा कक्ष से बाहर निकलने की धमकी दी, नहीं निकली तो जबरदस्ती उठवा लेने बात कही।
सूचना पर नायब तहसीलदार डॉ. धर्मेद्र पांडेय, बीईओ बल्देव यादव, बीडीओ आलोक आर्य व पुलिस बल मौके पर पहुंचा। दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामला शांत कराया। शिक्षिकाओं का कहना है प्रधानाध्यापक के इस व्यवहार से वे असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है प्रधानाध्यापक व शिक्षिकाओं के बीच दो माह से विवाद चल रहा है। इस वजह से आए दिन तू-तू मै-मै हुआ करती है। इसकी वजह से स्कूल का पठन पाठन बाधित होता है। कई बार ग्रामीणो ने विवाद शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।