एक निजी स्कूल में पढ़ाने के बाद स्कूटी से जा रही दो शिक्षिकाओं को
खैराबाद कस्बे में बीसीएम हॉस्पिटल रोड पर आरा मशीन के निकट एक तेज रफ्तार
ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर से एक शिक्षिका स्कूटी से छिटक कर दूर जा गिरी, जबकि स्कूटी चला रही शिक्षिका वाहन सहित ट्रक में फंस गई।
लोगों ने शोर मचाया लेकिन चालक ने वाहन को नहीं रोका। कुछ दूर तक शिक्षिका ट्रक में फंसी घिसटती रही। बाद में चालक व खलासी वाहन छोड़कर भाग निकले। हादसे में स्कूटी चला रही शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। शिक्षिका हेलमेट नहीं पहने थी।
शहर के बटसगंज निवासी ममता सिंह (25) पुत्री तेजपाल सिंह व होलीनगर निवासी हर्षिता (24) पुत्री सुनील अवस्थी खैराबाद कस्बे के एक प्राइवेट स्कूल में बच्चों को पढ़ाती थीं। बताते हैं कि दोनों शिक्षिकाएं सोमवार दोपहर बाद बच्चों को पढ़ाकर एक ही स्कूटी से घर जा रही थीं।
जब दोनों खैराबाद कस्बे के बाहर बीसीएम अस्पताल रोड पर आरामशीन के निकट पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से बाइक पर पीछे बैठी शिक्षिका हर्षिता छिटक कर दूर जा गिरी, जबकि स्कूटी ड्राइव कर रही ममता सिंह मय वाहन के ट्रक के नीचे आ गई।
जिससे कुछ दूर तक ट्रक उसे खींचता चला गया। स्कूटी व शिक्षिका के नीचे फंसी जानकर चालक व खलासी वाहन छोड़ भाग निकला। घटना देख राहगीर मौके पर पहुंचे। आननफानन में शिक्षिकाओं को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां ममता को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि हर्षिता का उपचार चल रहा है।