सर्जन व भाजपा नेता डॉ. महेश गुप्ता को छात्रों से ठगी के एक मामले में बुधवार को जेल भेज दिया गया। उन पर अपने शिक्षण संस्थान रेनू-महेश एकेडमी में मेडिकल कोर्स कराने के नाम पर दाखिला लेकर छात्रों से धोखाधड़ी करने का आरोप है।
फीस के नाम पर लाखों रुपये हड़पने के बाद भी परीक्षा न कराने पर विद्यार्थियों ने उनके खिलाफ सितंबर 2016 में रामकोट थाने में केस दर्ज कराया था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। जांच में कई आरोप सही मिले हैं।
शहर के सर्जन व भाजपा नेता डॉ. महेश गुप्ता रामकोट इलाके में रामपुर गांव के पास रेनू महेश एकेडमी चलाते हैं। चिकित्सक ने कॉलेज में डी-फार्मा, बी-फार्मा समेत कई मेडिकल संबंधी कोर्स कराने के नाम पर कई छात्राें का दाखिला लिया था।
फीस के नाम पर छात्रों से लाखों रुपये ले लिए, लेकिन न तो परीक्षा करा पाए और न ही उन्हें डिग्री दिला पाए। इसके विरोध में छात्र एकेडमी में कई बार हंगामा भी कर चुके हैं। इस मामले में चिकित्सक महेश गुप्ता के खिलाफ 27 सितंबर को रामकोट थाने में केस दर्ज हुआ था।
एसआई अवधेश यादव ने बताया कि चिकित्सक पर दर्ज मुकदमे की जांच की जा रही थी। जांच में कई आरोप सही मिले हैं। विवेचना चल रही है। एसआई ने बताया कि बुधवार को आरोपी चिकित्सक ने ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट- प्रथम कोर्ट में सरेंडर किया था। जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया है।