बाजार बंद के बाद पसरा रहा सन्नाटा।
- फोटो : अमर उजाला
ढाबा संचालक को गोली मारने के मामले में व्यापारियों ने गुरुवार को पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अपनी दुकानें बंद रखीं और नहर चौराहे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। हंगामे के बाद पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया वहीं अन्य की गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने पर लोग शांत हुए और दुकानें खोलीं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा।
मिश्रिख के दशरथपुर गांव निवासी संग्राम मिश्रा (33) कस्बे में ही नहर चौराहे के पास ढाबा चलाता है। रविवार शाम उधारी मांगने पर कुछ दबंगों ने उसे गोली मार दी थी। संग्राम के भाई उदयराज ने डिगडिगानी निवासी मुजाबिर व तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया था, लेकिन पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में हीलाहवाली बरत रही थी।
इसके विरोध में गुरुवार को दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे और नहर चौराहे के पास जाम लगा दिया। करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन हुआ। खबर पाकर कोतवाल योगेश शाह मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकानदारों को मनाने की कोशिश की, लेकिन लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
हालांकि इस बीच कोतवाल ने घटना के एक आरोपी हरिपुर निवासी लालबहादुर को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल ने दुकानदारों को शीघ्र ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। जिसके बाद दुकानदारों ने धरना खत्म किया। कोतवाल का कहना है कि अन्य आरोपियों को भी जल्द पकड़ा जाएगा।