स्कूल गई एक नाबालिग छात्रा को कुछ लोगों ने अगवा कर लिया। मामले में छात्रा के परिवारीजनों ने तहरीर दी है लेकिन पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी कर रही है। वहीं एक आरोपी को पुलिस के हवाले किया गया लेकिन उसे भी छोड़ दिया गया। मामला 30 जनवरी का है।
रामपुर मथुरा इलाके के एक ग्रामीण का आरोप है कि उसकी बेटी (15) 30 जनवरी को स्कूल जा रही थी। वह गांव से कुछ दूरी पर पहुंची ही थी कि तभी बोलेरो व बाइक पर सवार करीब आठ लोगों ने उसे रोक लिया। इसके बाद जबरन गाड़ी में बैठाकर अगवा कर ले गए।
इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। पिता ने गुड्डू नाम के व्यक्ति को पकड़ कर पुलिस को सौंपा लेकिन उसे छोड़ दिया गया। पुलिस ने बोलेरो भी बरामद की लेकिन कुछ नहीं हुआ। ग्रामीण ने गांव के सोनेलाल, धनीराम, विशाल, राजेश व पड़ोसी गांव के गुड्डू, बाराबंकी जिले के उमेश, प्रदीप, दिलीप आदि पर बेटी को अगवा करने का आरोप लगाया है।
उसका आरोप है कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उनकी मदद कर रही है। घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी केस दर्ज नहीं किया जा सका है। एसओ जयशंकर सिंह पुलिसिया कहानी समझा रहे हैं।
उनका कहना है कि लड़की की जिस युवक से शादी हुई थी, वहीं ले गया है। जांच कराई जा रही है। किशोरी का पिता केस दर्ज कराना चाहता है तो केस दर्ज किया जाएगा।