लहरपुर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार देर रात आठ हथगोलों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि पंचायत चुनाव में गड़बड़ी फैलाने के लिए वह इन्हें लेकर आया था। हथगोलों को निष्क्रिय कर जांच के लिए भेज दिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक विनय गौतम ने उपनिरीक्षक अजय कुमार के साथ क्षेत्र के ग्राम सैतिहापुर की पुलिया के निकट छापा मारा। यहां पर पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास मौजूद झोले की जांच की तो उसमें आठ हथगोले बरामद हुए।
हथगोलों को देखते ही पुलिस टीम सन्न रह गई। उसे हिरासत में लेकर बम निरोधक दस्ते को सूचना दी गई। दस्ते ने हथगोलों को निष्क्रिय कर दिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति की पहचान सैतिहापुर मोगलपुर निवासी रामबक्स के रूप में हुई है।
पुलिस का दावा है कि इन हथगोलों को वह पंचायत चुनाव में गड़बड़ी करने के लिए लाया था। हथगोलों में भरे विस्फोटक के नमूने को जांच के लिए भेजा गया है। इनकी क्षमता करीब सात से आठ लोगों की जान लेने भर की थी। आठ हथगोलों के इस्तेमाल से भारी नुकसान होता।
एक हथगोले का वजन करीब 250-350 ग्राम के बीच है। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। अभी तक जो जानकारी मिली है, उसमें लखीमपुर जिले से हथगोले को खरीदने की बात सामने आ रही है। जांच की जा रही है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।