फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हर्ष फायरिंग में एक की मौत, तीन जख्मी

Mon, 03 Apr 2017 11:47 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/सीतापुर
विज्ञापन
विज्ञापन
तंबौर थाना क्षेत्र में एक तिलक समारोह में कुछ लोगों ने जमकर हर्ष फायरिंग की। इससे मांगलिक कार्यक्रम निपटा रहे नाई की गोली लगने से मौत हो गई। जबकि तीन अन्य लोग जख्मी हो गए। घटना होते ही वहां भगदड़ मच गई। इसी बीच फायरिंग कर रहे लोग निकल भागे।
विज्ञापन


हर्ष फायरिंग की वजह से रंग में भंग पड़ गया। तिलक कार्यक्रम पूरा नहीं हो सका और लोग अस्पताल व थाने के चक्कर काटने लगे। पुलिस ने इस संबंध में एक व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। जिसमें अवैध असलहे से फायर होने की बात बताई जा रही है। समाचार लिखे जाने तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर था।

रेउसा थाना क्षेत्र के ग्राम भरथा निवासी सोनेलाल की पुत्री रागिनी का विवाह तंबौर थाना क्षेत्र के भानीपुर गोडिय़न पुरवा निवासी राधेलाल के पुत्र मनोहर से तय है। रविवार को तिलक था। इस वजह से सोनेलाल अपने रिश्तेदारों, नाई करसा निवासी इलियास के साथ तिलक लेकर भानीपुर राधेलाल के घर पहुंचा था।
विज्ञापन


रात करीब साढ़े दस बजे तिलक का कार्यक्रम शुरू हुआ। इसी बीच समारोह में मौजूद अवैध असलहों से लैस लोगों ने खुशी का इजहार करते हुए हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। इससे पहले कि तिलक की रस्म पूरी हो पाती, वहां मौजूद नाई इलियास को गोली लग गई।

जबकि रेउसा क्षेत्र के राजापुर कलां निवासी पल्टन बाबा (55), भरथा निवासी कल्लू (35) व सदरपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुरवा निवासी भागीराम (35) भी फायरिंग की चपेट में आकर जख्मी हो गए। गोली लगने से इलियास मौके पर ही गिरकर तड़पने लगा।

इतने लोगों के जख्मी होते ही वहां भगदड़ मच गई। इसी भगदड़ का फायदा उठाते हुए फायरिंग कर रहे लोग वहां से भाग गए। लोग घायल इलियास को लेकर रेउसा की सीएचसी की तरफ भागे, लेकिन इलियास ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हर्ष फायरिंग में घायल हुए अन्य लोग पल्टन बाबा, कल्लू व भागीराम का इलाज तंबौर की सीएचसी में कराया गया है। घटना के संबंध में इलियास की पत्नी शकीला ने गोडिय़न पुरवा भानीपुर निवासी रंजीत वर्मा व भरथा निवासी ओमप्रकाश के खिलाफ तंबौर थाने में तहरीर दी है।

आरोप है कि ओमप्रकाश अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर रहा था, जबकि रंजीत वर्मा अवैध असलहे से फायर कर रहा था। थानाध्यक्ष रमेशचंद्र यादव ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।

पीएम रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पुलिस हर्ष फायरिंग की घटना को कुछ अलग ही रंग देने में जुटी हुई है। वहीं पुलिस अभी तक इस घटना में किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें