थाना इलाके में हाईवे पर ई-रिक्शा को बचाने के प्रयास में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थानाक्षेत्र के ऊंचाखेरा कला में रहने वाले पुत्तन व जुबरैल मेलों में झूला लगाने का काम करते हैं। सिधौली क्षेत्र के झखरावां मेला में झूला ले जाने के लिए श्रीपालपुर निवासी बूधर (65) पुत्र प्रीतम का ट्रैक्टर-ट्रॉली किराए पर मंगाया था। गुरुवार की दोपहर करीब तीन बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली में झूला लादकर झखरावां के लिए रवाना हुए। गांव का खेलावन भी झूले पर काम करने के लिए इनके साथ चल दिया।
मानपारा के करीब रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने हाईवे पर एक ई-रिक्शा को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे उतरते हुए पलट गई। इस हादसे में ट्रैक्टर चला रहे बूधर समेत उस पर सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी सिधौली पहुंचाया। डॉक्टरों ने बूधर को मृत घोषित कर दिया।