इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में सरना मोड़ के पास रविवार को एक बेकाबू कार ने दो साइकिल व एक बाइक पर सवार लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक साइकिल पर सवार मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी साइकिल पर सवार एक किशोर व बाइक पर सवार दो लोगों समेत तीन लोग जख्मी हो गए।
घायलों को सीएचसी इमलिया सुल्तानपुर में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के सरना मोड़ के पास काजी कमलापुर की ओर से जा रही एक कार ने दो साइकिल व एक बाइक सवार को टक्कर मार दी।
हादसे में कार ने साइकिल व बाइक सवार लोगाें को कुचल दिया। कार की टक्कर से एक साइकिल पर सवार इमलिया सुल्तानपुर इलाके के एलगवां गांव निवासी रामू (26) पुत्र मोहनलाल की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि दूसरी साइकिल पर सवार सरना निवासी हिमांशु अवस्थी (12) पुत्र महेंद्र व बाइक पर सवार लखीमपुर खीरी के कस्ता निवासी नीरज व धीरज गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को पुलिस की मदद से फौरन सीएचसी इमलिया सुल्तानपुर ले जाया गया।
उधर, घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। बताते हैं कि रामू शहर से मजदूरी कर शाम को अपने घर जा रहा था। इसी बीच हादसा हो गया। वहीं हादसे में जख्मी बालक कचनार की बाजार से गांव जा रहा था। जब वह अपने गांव जाने वाले मोड़ के पास पहुंचा, तभी यह हादसा हो गया। खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।