जिले के थानगांव व रेउसा इलाके में आग लगने से नौ घर जलकर राख हो गए। हादसे में करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति राख हुई है। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया। तहसील प्रशासन को सूचना दे दी गई है।
रेउसा के बम्भनावा मजरा सिकड़िहा गांव में मंगलवार दोपहर एक घर में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। जब तक ग्रामीण आग बुझाते, लपटें बेकाबू हो गई। देखते ही देखते आग ने प्रेम पांडेय, दयाराम, त्रिवेनी, राधे, पुत्तन व राम लोध के घर को चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया। हादसे में करीब दो लाख की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। तहसील प्रशासन को सूचना दे दी गई है। इसी तरह थानगांव इलाके के लोनियनपुरवा मजरा ग्वारी गांव निवासी लालबहादुर, दिनेश व राजेश के घरों में सोमवार की रात अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई।
जब तक ग्रामीण आग बुझाने की कोशिश करते, आग से इन लोगों के घरों में रखी एक बाइक, तीन साइकिलें, अनाज, कपड़े, बर्तन व जेवर सहित लगभग तीन लाख की संपत्ति राख गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत से आग बुझाई।