बिसवां में चीनी मिल के समीप रेलवे के आउटर के पास रविवार सुबह एक मां-बेटा संदिग्ध हालात में गंभीर रूप से जख्मी पड़े मिले। महिला गाजीपुर जिले की रहने वाली है। माना जा रहा है कि महिला और उसके बेटे को चलती ट्रेन से फेंक दिया गया होगा। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
जख्मी मां-बेटे को पहले बिसवां सीएचसी फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। समाचार लिखे जाने तक दोनों को होश नहीं आया था। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। बिसवां में चीनी मिल के निकट रेलवे के आउटर के पास रविवार सुबह एक महिला और उसका मासूम बेटा संदिग्ध हालात में पड़े देखे गए।
दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। इस दौरान महिला के पास से बरामद कुछ दस्तावेजों से उसकी पहचान गाजीपुर जिले के कांडा थाना क्षेत्र के गोंडा निवासी अर्चना (24) पत्नी शिवनंदन व उसके बेटे की तीन वर्षीय कृष्णा के रूप में हुई है। बिसवां से चिकित्सकों ने महिला और उसके बेटे को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
महिला व उसके बेटे के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। बताते हैं कि संभवत: यह महिला व उसका बेटा दिल्ली-रक्सौल एक्सप्रेस से सफर कर रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि महिला और उसके बेटे को ट्रेन से फेंक दिया गया होगा।
समाचार लिखे जाने तक जिला अस्पताल में भर्ती महिला और उसके बेटे को होश नहीं आया था। चिकित्सक भी दोनों की हालत नाजुक बता रहे हैं। सूचना कोतवाली पुलिस को दे दी गई है। कोतवाली पुलिस महिला की पहचान के आधार पर उसके घर वालों से संपर्क का प्रयास कर रही है।