फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विधायक का जिपं अध्यक्ष्ा प्रत्याशी के पति पर हमला

Mon, 21 Dec 2015 10:48 PM IST
सीतापुर/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए घोषित प्रत्याशी पर सहमति बनाने के लिए सोमवार को हुई बैठक के बाद बिसवां विधायक रामपाल यादव ने समर्थकों संग जिपं अध्यक्ष पद की प्रत्याशी के पति शिव कुमार गुप्ता पर हमला कर दिया। उनको गाड़ी से खींचने की कोशिश के साथ ही पत्थर से गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। शिव कुमार गुप्ता के बेटे को सड़क पर दौड़ा कर पीटा गया।
विज्ञापन


जिला पंचायत सदस्यों का चुनाव संपन्न होते ही बिसवां विधायक रामपाल यादव ने अपने बेटे को जिपं अध्यक्ष बनाने की कमर कस रखी थी, लेकिन सपा आलाकमान ने शिव कुमार गुप्ता की पत्नी सीमा गुप्ता को जिला पंचायत अध्यक्षी का चुनाव लड़ने के लिए अधिकृत कर दिया।

 इसी सिलसिले में सोमवार को पार्टी कार्यालय में बैठक थी। बैठक में राज्यमंत्री नरेंद्र वर्मा व रामपाल राजवंशी के अलावा वरिष्ठ सपा नेता आनंद सिंह भदौरिया, बिसवां विधायक रामपाल यादव, जिपं अध्यक्ष प्रतिनिधि शिव कुमार गुप्ता सहित भारी संख्या में सपाई मौजूद थे।
विज्ञापन


जिलाध्यक्ष शमीम कौसर सिद्दीकी ने नेताओं, पदाधिकारियों एवं जिला पंचायत सदस्यों से पार्टी प्रत्याशी का सहयोग व समर्थन करने की अपील की। इस पर बैठक में मौजूद अधिकांश पदाधिकारियों व जिला पंचायत सदस्यों ने सीमा गुप्ता को अपना समर्थन देने में आपत्ति जताते हुए कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर जितेन्द्र यादव को प्रत्याशी बनाने के लिए जिला कार्यकारिणी से प्रदेश नेतृत्व को पुनर्विचार का प्रस्ताव भेजा जाये।

इस दौरान प्रत्याशी सीमा गुप्ता के पति शिवकुमार गुप्ता की बात पर अधिकांश जिला पंचायत सदस्य सहमत नहीं हुए। इस बीच बैठक में बिसवां विधायक ने इशारों में जिपं अध्यक्ष प्रतिनिधि पर कटाक्ष किया। बैठक के बाद जब जिपं अध्यक्ष प्रतिनिधि अपनी गाड़ी से जाने लगे तो बिसवां विधायक अपने समर्थकों संग गाड़ी के आगे खड़े हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विधायक ने गाड़ी पर स्वयं हमला किया। समर्थकों ने जिपं प्रतिनिधि को गाड़ी से खींचने की कोशिश की। चालक से मारपीट की गई। डंडे व पत्थरों से गाड़ी पर हमला किया गया। जिससे शीशा टूट गया। जिपं प्रतिनिधि को वहां से जान बचा कर भागना पड़ा।

उनके बेटे हिमांशु गुप्ता को दौड़ा कर पीटा गया। जिपं अध्यक्ष प्रतिनिधि का कहना है कि उनकी पत्नी को पार्टी हाईकमान ने टिकट दिया है। जिसका बिसवां विधायक विरोध कर रहे हैं। इसी सिलसिले में उन पर हमला किया गया। अभद्रता हुई। गाड़ी का शीशा तोड़ दिया गया। उनके बेटे व चालक पर हमला किया गया। उनका कहना है कि एसपी से शिकायत कर दी है। केस दर्ज कराने के लिए तहरीर दी जाएगी।

मामले में बिसवां विधायक रामपाल यादव का कहना है कि बैठक के बाद लोग निकल रहे थे। शिव कुमार गुप्ता लालबत्ती लगी गाड़ी से जा रहे थे। उस पर उत्तर प्रदेश सरकार लिखा था। वह लालबत्ती का दुरुपयोग कर रहे थे। उनसे इस दुरुपयोग को लेकर पूछा जा रहा था। इसी बीच चालक ने गाड़ी आगे बढ़ा दी। कई लोग गाड़ी से कुचलने से बच गए। इससे उत्तेजित भीड़ ने उनके वाहन पर हमला कर दिया।

सीमा गुप्ता का हुआ विरोध
पार्टी कार्यालय में जिला पंचायत अध्यक्ष उम्मीदवार के समर्थन के लिए पार्टी के नेताओं को बुलाया गया था। मीटिंग में मौजूूद जिला पंचायत सदस्य घोषित प्रत्याशी सीमा गुप्ता का विरोध कर रहे थे। बैठक के बाद कार्यालय के बाहर जिला पंचायत सदस्यों में विवाद हुआ था। पार्टी हाई कमान को इस विवाद से अवगत करा दिया गया है। पार्टी हाई कमान द्वारा घोषित प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन के लिए अपील की है।  
-शमीम कौसर सिद्दीकी, जिलाध्यक्ष सपा

विवाद की मिली सूचना
पार्टी कार्यालय में मीटिंग होने के बाद चला गया था। बाद में पार्टी कार्यालय के बाहर हुए विवाद की सूचना मिली है। पार्टी हाईकमान ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए जिसे प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी के उस निर्देश का सम्मान करते हैं और पार्टी के लोगों को सम्मान करना भी चाहिए।
रामपाल राजवंशी, कारागार राज्यमंत्री

कराई जा रही जांच
सपा कार्यालय के बाहर विवाद होने की सूचना मिली थी। सीओ व इंस्पेक्टर को जांच के लिए भेजा था। एलआईयू से भी जांच कराई जा रही है। मामले में अभी तक तहरीर नहीं मिली है। जांच होने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
-कवींद्र प्रताप सिंह, एसपी


पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजी गई सूचना
जिपं प्रतिनिधि शिव कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, डीएम व एसपी को पूरे मामले से लिखित रूप से अवगत कराया गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष मधु गुप्ता की ओर से लिखित सूचना भेजी गई है। इस सूचना के जरिए घटना में शामिल बिसवां विधायक रामपाल यादव, उनके पुत्र जीतेंद्र यादव, अजय सिंह, नीरज वर्मा झल्लर, प्रदीप यादव, तौकीर अहमद सहित 25 अज्ञात लोगों के नाम प्रार्थना पत्र दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें