संदना थाना क्षेत्र के बहेरवा में मंगलवार को एक विवाहिता को उसकी ससुराल वालों ने दहेज के लिए मौत के घाट उतार दिया। हत्या करने के बाद उसकी लाश को कोठरी में डालकर भाग निकले।
मायके पक्ष के लोगों को ग्रामीणों से घटना की सूचना मिली। पुलिस ने लाश का पोस्टमार्टम कराया है। एसओ का कहना है कि भाई की तहरीर पर पति सहित तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।
संदना के बहेरवा निवासी गुड्डी देवी (20) पत्नी बाबू की मंगलवार सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई। खबर पाकर बरगदिया मजरा नरायनपुर गांव से पहुंचे भाई विजय कुमार ने बताया कि उसे सुबह बहन की ससुराल से फोन आया था कि उसकी बहन की मौत हो गई।
जब उसके घर पहुंचा तो बहन की लाश कोठरी में चारपाई पर पड़ी थी। ससुराल वाले घर से नदारद थे। बताया कि बहन को दहेज में बाइक व बीस हजार रुपये लाने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।
मांग पूरी न होने पर उसे मार डाला गया। उधर, हादसे की खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। गुड्डी के भाई ने उसके पति, देवर लालजी व पति के बहनोई गुड्डू के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कराया है। एसओ संदीप सिंह ने बताया कि मामले में दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है।