रामपुर कलां थाना क्षेत्र में ट्रेन से कटकर एक विवाहिता की मौत हो गई। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हत्या के बाद शव को रेल ट्रैक पर फेंका गया है। पुलिस इस मामले में जांच की बात कह रही है।
रामपुर कलां थाना क्षेत्र के गुलरिहा निवासी रविंद्र कुमार की पत्नी शकुंतला देवी (20) को रविवार शाम परिवार के सदस्यों ने घरेलू काम को लेकर फटकार लगा दी। इस बात से क्षुब्ध शकुंतला घर से निकल गई। परिवार वालों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नही चला।
उधर, सोमवार सुबह लोगों ने रामपुर कलां थाना क्षेत्र के मदारीपुर के निकट रेल पटरी पर एक महिला का शव क्षत विक्षत हालत में पड़ा देखा। रविंद्र व उसके परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे, जिन्होंने शव की शिनाख्त शकुंतला के रूप में की। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष ने इस मामले को दहेज हत्या बताया है।
मायके पक्ष का आरोप है कि करीब एक वर्ष पूर्व रामपुर कलां थाना क्षेत्र के ग्राम नसीरपुर निवासी राम प्रसाद ने पुत्री शकुंतला देवी का विवाह रविंद्र कुमार से किया था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज में तरह-तरह की चीजों की मांग करने लगा। इधर, दो माह से ससुराल पक्ष दहेज में चौपहिया वाहन की मांग करने लगा।
असमर्थता जताने पर ससुराल वालों ने हत्या कर दी और घटना को हादसा दर्शाने के लिए शव रेल पटरी पर फेंक दिया। घटना के संबंध में विवाहिता के भाई ने रामपुर कलां थाने में तहरीर दी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का आने का इंतजार कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि होने पर कार्रवाई की जाएगी।