पति संग मायके जा रही महिला को रविवार की दोपहर बाइक सवार दो बदमाशों ने असलहा दिखाकर रोक लिया। जिसके बाद बदमाशों ने दो हजार की नकदी व जेवर समेत करीब 70 हजार रुपये का माल लूट लिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे बाइक से भाग निकले। जिसके बाद पीड़िता ने थाने में तहरीर दी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।
इमलिया सुल्तानपुर इलाके के जगना गांव निवासी पूनम अपने पति सीताराम के साथ बाइक से हरगांव इलाके के रायपुर स्थित अपने मायके जा रही थी।
रायपुर से पहले एक धार्मिक स्थल के करीब बाइक पर सवार दो बदमाश आ धमके और असलहा दिखाकर बाइक रोक ली। इसके बाद बदमाशों ने पूनम से सोने का हार, अंगूठी, मटर माला, झाला व दो हजार रुपये समेत लगभग 70 हजार रुपये का माल लूट लिया।
लूटपाट करने के बाद बदमाश बाइक से भाग निकले। जिसके बाद पीड़िता ने मायके व ससुराल में सूचना दी। दोपहर बाद पूनम व उसका पति थाने पहुंचा और तहरीर दी। लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। घटना को लेकर एसओ रमेश चंद्र यादव का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।