सिधौली कस्बे के नरोत्तम नगर में एक युवती घर में गोली लगने से जख्मी हो गई। परिवारीजनों ने उसे गंभीर हालत में लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। परिवारीजन का कहना है कि युवती के पिता दोपहर को अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर साफ कर रहे थे, इसी बीच रिवॉल्वर से गोली चल गई, जिससे युवती जख्मी हो गई।
नरोत्तम नगर निवासी सरिता (19) पुत्री हेमनाथ सिंह यादव को मंगलवार सुबह घर में संदिग्ध हालात में चली गोली लग गई। गोली लगते ही वह मौके पर गिर गई। उसे परिवारीजन सीएचसी सिधौली ले गए, जहां से चिकित्सकों ने लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
युवती के पिता का कहना है कि वह सुबह अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर साफ कर रहे थे। इसी बीच अचानक गोली चल गई, जिससे सरिता को गोली लग गई। घटना की सूचना पाकर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई थी।
इंस्पेक्टर सुरेश ओमहरे का कहना है कि जानकारी मिली थी कि लड़की का पिता अपना लाइसेंसी रिवॉल्वर साफ कर रहा था। तभी अचानक गोली चल गई, जिससे युवती जख्मी हो गई। घटना के बारे में जांच कराई जाएगी।