रामकोट इलाके में गुरुवार शाम एक युवक को उसका दोस्त घर से बुला ले गया। बाद में उसकी लाश गांव के पास एक तालाब किनारे पड़ी मिली। शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। उसके भाई ने दोस्त पर हत्या का केस दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
रामकोट के ओझीपुर सरैंया गांव निवासी भारत व गजराज ने बताया कि उनके सगे भाई अशर्फीलाल (30) पुत्र सुंदरलाल की पड़ोस के रहने वाले सोनेलाल से गहरी दोस्ती थी। गुरुवार शाम सोनेलाल उसे घर से बुला ले गया था। देर शाम होने पर भी अशर्फी घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश होने लगी।
इस बीच शुक्रवार सुबह अशर्फीलाल का शव गांव के पास ईंट-भट्ठे के पास तालाब के किनारे पड़ा मिला। खबर पाकर परिवारीजन भी मौके पर पहुंचे। सीओ सिटी रामसनेही यादव, एसओ सियाराम वर्मा हमराही बल के साथ मौके पर पहुंचे।
भाई का कहना है कि अशर्फीलाल के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटों के निशान मिले हैं। उसने अशर्फीलाल के दोस्त सोनेलाल पर हत्या करने का आरोप लगाया है। सीओ सिटी का कहना है कि भाई की तहरीर पर आरोपी दोस्त के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एसओ ने बताया कि परिवारवालों ने हत्या की वजह स्पष्ट नहीं की है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।