जेल से बाहर आए एक युवक पर देर शाम घात लगाकर बैठे हमलावरों ने फायर झोंक दिया। इस हमले में युवक बुरी तरह जख्मी हो गया। वारदात कस्बे से घर जाते समय अंजाम दी गई।
घटना को अंजाम देकर हमलावर रफूचक्कर हो गए। जानलेवा हमले में बुरी तरह जख्मी युवक को पीएचसी लाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
थानाक्षेत्र के ग्राम लुधौरा में रहने वाला दुर्गेश सिंह पुत्र हरिपाल शुक्रवार की शाम अपनी कार से कमलापुर आया था। देर शाम वह अकेला घर वापस जा रहा था। चंदेहरा मोड़ की ओर गाडी पहुंचने ही पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरो ने रास्ता रोक लिया।
आरोप है तमंचे के बल पर गाड़ी से उतारकर हमलावरों ने पहले पिटाई की फिर फायर झोंक दिया। गोली दुर्गेश के कंधे में लगी और वह गिर पड़ा। दुर्गेश के जमीन पर गिरते ही हमलावर भाग खड़े हुए।
शोरगुल व फायर की आवाज सुनकर आस-पडोस के कुछ लोग वहां पहुंच गए। घायल दुर्गेश को पीएचसी लाया गया। जहां से हालत नाजुक देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश शुक्ल ने बताया कि घायल दुर्गेश ने गांव के ही कुछ लोगों पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। दुर्गेश एक छात्रा के अपहरण की कोशिश में जेल जा चुका है। हाल मे ही छूटा है। जिस छात्रा को अपहरण की कोशिश मे उसे जेल हुई उसी के पिता पर हमले का आरोप है। अभी तक तहरीर नही मिली है।