रामकोट क्षेत्र में रेल क्रॉसिंग के निकट गुरुवार शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने असलहे के बल पर पीटूपी माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों से पांच लाख साठ हजार रुपये लूट लिए। बदमाश दो मोबाइल भी छीन ले गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। कंपनी ग्रामीण क्षेत्रों में एचडीएफसी बैंक के खाताधारकों को पैसा बांटती है। उधर, कुछ देर बाद ही शहर कोतवाली में 30 हजार रुपये की लूट की सूचना से हड़कंप मच गया।
मछरेहटा निवासी अभिनव व मिश्रिख निवासी श्याम लखन ने बताया कि वे लोग माइक्रो फाइनेंस कंपनी में काम करते हैं। कंपनी ग्रामीण क्षेत्रों में एचडीएफसी बैंक से जुड़े खाताधारकों को पैसा उपलब्ध कराती है। अभिनव ने बताया कि गुरुवार को दोनों ने सीतापुर में एचडीएफसी की बैंक की शाखा से पांच लाख साठ हजार रुपये निकाले और बाइक से मिश्रिख के लिए चल दिए।
रामकोट इलाके में सीतापुर-मिश्रिख मार्ग पर रेल क्रॉसिंग के निकट ब्रेकर की वजह से बाइक धीमी होते ही एक बाइक पर सवार तीन बदमाश आ धमके। बदमाशों ने असलहा दिखाकर व बाइक आगे लगा दी और बैग में रखे पांच लाख साठ हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों ने जेब से दो मोबाइल व बाइक की चाभी भी छीन ली और भाग निकले। जिसके बाद किसी तरह उन लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की है। उधर, शहर कोतवाली इलाके में एक व्यक्ति से 30 हजार रुपये लूटे जाने की खबर ने हड़कंप मच गया। सीओ राहुल मिठास का कहना है कि रामकोट में पांच लाख साठ हजार रुपये की लूट हुई है। शहर में भी लूट की सूचना मिली थी, लेकिन किसी ने न ही थाने में तहरीर दी और न ही उसका पता चल पाया है। रामकोट में हुई लूट मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।