टायर फटने से बारातियों से भरी एक जीप अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में देवरिया व बाराबंकी जिले के दो बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 10 लोग जख्मी हो गए। जीप रामपुर मथुरा से बारातियों को लेकर लखीमपुर जा रही थी। घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं।
हादसे के बाद घायलों को रेउसा सीएचसी ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
रामपुर मथुरा के मल्लाहनपुरवा मजरा गोंडा देवरिया गांव के मनीष की बारात रविवार को लखीमपुर के सुजानपुर जा रही थी। 12 बाराती जीप से जा रहे थे। थानगांव में रेउसा-महमूदाबाद मार्ग पर लिलौती के पास अचानक जीप का टायर फट गया, जिससे जीप पेड़ से टकरा की पलट गई।
हादसे में जीप पर सवार देवरिया के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के सवल गड़ही रूद्रपुर निवासी तूफानी (65) व बाराबंकी जिले के गड़रियनपुरवा निवासी सर्वेश (28) पुत्र कांशीराम की वाहन के नीचे दबकर मौत हो गई। वहीं रामपुर मथुरा शैलेश (30, रामसेवक (30), जगदीश (12) पुत्र बाढ़ू, अमरीका (32), कर्मजीत (10) पुत्र बलराम, दिलाराम (20), बाराबंकी जिले के नौबस्ता थाना क्षेत्र के दुर्गापुर शिवानंद (25), देवकी नंदन (50), देवरिया के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के रूद्रपुर सवलगडही निवासी रामभजन (20) व बाराबंकी के जसवंतनगर निवासी जीप चालक चांद आलम (35) गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इन लोगों को आसपास के लोगों की मदद से सीएचसी रेउसा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस का कहना है कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
..............