नेशनल हाईवे पर जयपालपुर गांव के पास खड़े बालू भरे एक ट्रक में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार कंटेनर जा घुसा। हादसे से कंटेनर के केबिन में आग लग गई। जिसकी चपेट में आकर कंटेनर चालक व खलासी जिंदा जल गए।
सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने किसी तरह लपटों पर काबू पाया लेकिन तब तक कंटेनर के चालक राजापाल व खलासी सुरेंद्र की मौत हो चुकी थी। हादसे के वक्त हाईवे किनारे खड़े ट्रक के चालक व खलासी भाग निकले। दोनों बरेली के निवासी थे। कोलकाता से प्लास्टिक का सामान लादकर बरेली जा रहे थे।
अटरिया में नेशनल हाईवे पर जयपालपुर गांव के पास शुक्रवार सुबह एक ट्रक खड़ा था। करीब छह बजे लखनऊ की ओर से जा रहा कंटेनर इस खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसा। हादसा इतना जबरदस्त था कि कंटेनर के केबिन में बैठे चालक व खलासी चोटिल होकर फंस गए और इसी बीच केबिन में आग लग गई।
शोर सुनकर आसपास के लोगों ने उन्हें निकालने की कोशिश की लेकिन कुछ ही पलों में लपटें तेज हो गईं। सूचना पर पुलिस व दमकल टीम पहुंची लेकिन तब तक कंटेनर चालक व खलासी की मौत हो चुकी थी। दमकल टीम ने किसी तरह आग पर काबू पाया और दोनों के शव बाहर निकाले।
पुलिस ने कंटेनर चालक की पहचान बरेली के बहेड़ी निवासी राजपाल (35) पुत्र केहरीलाल व खलासी बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र के महारा निवासी सुरेंद्र कुमार (28) पुत्र सोहनलाल के रूप में की है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
साथ ही उनके परिवार वालों को सूचना दी। बताते हैं कि कंटेनर कोलकाता से प्लास्टिक का सामान भरकर बरेली जा रहा था। हादसे के बाद पहले से खड़े ट्रक का चालक व खलासी भाग निकले। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।