थाना क्षेत्र के एक गांव में रेप के बाद कक्षा-छह की छात्रा की हत्या कर दी गई। उसका शव बुधवार को गांव के बाहर एक खेत में पड़ा मिला। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। शरीर पर भी चोटों के निशान मिले हैं।
छात्रा गांव के एक मांगलिक कार्यक्रम में चल रही फिल्म देखने गई छात्रा मंगलवार रात अचानक लापता हो गई। सुबह खेत में उसकी लाश मिली। उसके कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे। खबर पाते ही एसपी, एएसपी, एसओ, क्राइम ब्रांच, डॉग स्क्वायड टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छात्रा के पिता की तहरीर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। संदेह के आधार पर पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। उधर, पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों ने रेप की पुष्टि की है लेकिन पुलिस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
खैराबाद के एक गांव निवासी युवक का 27 फरवरी को तिलक था। तिलक में मनोरंजन के लिए गांव में पर्दे पर फिल्म चलाई गई। फिल्म देखने के लिए कक्षा-छह की छात्रा भी गई थी। देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंची तो परिवारीजनों ने तलाश शुरू की लेकिन कुछ पता नहीं चला।
बुधवार सुबह भी घरवालों ने उसे खोजा लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद घरवाले थाने पहुंचे और गुमशुदगी की तहरीर दी। इसी बीच गांव से कुछ दूरी पर एक खेत में उसकी लाश पड़ी मिली। छात्रा के गले व शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटों के निशान थे।
मुंह से झाग व नाक से खून निकल रहा था। घटनास्थल के आसपास भी खून के छींटे पड़े मिले। कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे, जिससे ग्रामीण रेप के बाद हत्या की आशंका जता रहे थे। वहीं खबर पाकर एसपी सौमित्र यादव, एएसपी डॉ. ओपी सिंह, एसओ मनोज यादव, क्राइम ब्रांच व डॉग स्क्वायड टीम पहुंच गई।
पुलिस ने मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। एसपी सौमित्र यादव का कहना है कि बालिका की हत्या की गई है। रेप की पुष्टि के लिए चिकित्सकों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उधर, देर शाम पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों ने रेप की पुष्टि की है। हालांकि पुलिस अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने का इंतजार कर रही है।