महमूदाबाद तहसील के एक सहायक रजिस्ट्रार कानूनगो पर तहसील दिवस का प्रार्थना पत्र गायब करने के मामले में पुलिस में केस दर्ज कराया है। यह कार्रवाई नायब तहसीलदार के निर्देश पर जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई।
नायब तहसीलदार आलोक रंजन ने बताया कि तहसील दिवस में आए प्रार्थनापत्रों की जांच सहायक रजिस्ट्रार कानूनगो चंद्रशेखर अवस्थी को सौंपी गई थी, जिसमें से एक प्रार्थनापत्र उनके द्वारा गायब कर दिया गया था।
इस मामले की जांच सहायक रजिस्टार कानूनगो साधूराम को सौंपकर रिपोर्ट मांगी गई थी। जांच में प्रार्थना पत्र गायब होने की पुष्टि हुई। जांच रिपोर्ट के आधार पर जांचकर्ता ने आरोपी सहायक रजिस्ट्रार कानूनगो चंद्रशेखर अवस्थी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के लिए पुलिस को तहरीर दी गई।
कोतवाल डीके शाही ने बताया कि आरोपी सहायक रजिस्ट्रार कानूनगो के विरुद्ध धारा 409 आईपीसी के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।