इमलिया सुल्तानपुर में सोमवार रात दो बाइकों की भिड़ंत में ट्रिपलिंग कर रहे लखीमपुर के एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। सभी लखीमपुर जिले के निवासी हैं। हादसे के बाद दूसरी बाइक पर सवार लोग बाइक समेत मौके से भाग गए। ग्रामीणों की मानें तो बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
लखीमपुर खीरी के ग्राम बल्देव सरैंया निवासी केशवराम (30) सोमवार रात गांव के ही दिलीप (20), जुगनू (25) के साथ बाइक से अपनी रिश्तेदारी इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम महमदपुर जा रहा था।
हरगांव-महोली मार्ग पर इमलिया सुल्तानपुर के ग्राम टिकरा के निकट सामने आ रही एक अन्य बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि केशवराम व उसके साथी बाइक समेत खड्ड में जा गिरे।
जबकि दूसरी बाइक पर सवार लोग मौके से फरार हो गए। टक्कर होने की वजह से केशवराम व उसके साथी दिलीप व जुगनू घायल हो गए। स्थानीय नागरिकों ने आननफानन घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया लेकिन केशवराम ने रास्ते में दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके दोनों साथियों को मामूली चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।