लखीमपुर खीरी के मैगलगंज थाने में तैनात उपनिरीक्षक सूर्यमणि यादव को हाईवे से गुजर रहे पिकअप सवार बदमाशों ने गोली मार दी। उपनिरीक्षक को नाजुक हालत में सीतापुर जिला अस्पताल से लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस रातभर बदमाशों को तलाशती रही, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका है। हाईवे पर हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। जौनपुर जिला निवासी सूर्यमणि यादव (40) लखीमपुर जिले के मैगलगंज थाने में उपनिरीक्षक हैं।
सोमवार को उन्हें सूचना मिली कि हाईवे पर बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने निकले हैं। इस पर उन्होंने फोर्स के साथ मैगलगंज थाना क्षेत्र में शाहजहांपुर की तरफ जाने वाले हाईवे पर चपरतला के पास वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।
इसी बीच पिकअप पर सवार कई बदमाश उधर से गुजर पड़े। पुलिस ने वाहन को रोकना चाहा तो, बदमाश पिकअप लेकर निकल भागे। इस पर दरोगा ने पिकअप का पीछा करना शुरू कर दिया। उपनिरीक्षक को पीछा करते देख पिकइप पर सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
इससे एक गोली दरोगा की गर्दन के नीचे जा धंसी, जिससे वह हाईवे पर गिर गए। उपनिरीक्षक के घायल होते ही पिकअप सवार बदमाश निकल भागे। साथी पुलिस कर्मियों ने आननफानन दरोगा को सीतापुर जिला अस्पताल पहुंचाया, यहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
मैगलगंज थानाध्यक्ष अशोक पांडेय ने बताया कि इस घटना को लेकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। सीओ एलएडभ् भारती ने बताया कि वारदात के तत्काल बाद क्षेत्र की सीमाएं सील कर दी गईं थीं, बदमाशों को तलाशा गया, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। सीओ ने बताया कि बदमाशों की तलाश में टीमें संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। लखीमपुर के एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने बताया कि दरोगा की हालत खतरे से बाहर है।