पति के दूसरी शादी करने से आहत ग्राम निबाड़ीखुर्द निवासी नवविवाहिता ने मायके में केरोसिन डालकर खुद को आग लगा ली। अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। मृतका के पिता ने ससुरालीजनों के विरुद्ध तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम निबाड़ीखुर्द निवासी कृष्ण शंकर ने अपनी पुत्री सुषमा(20) का विवाह इसी वर्ष फरवरी में ग्राम दबाह मूसेपुरा निवासी जीतू पुत्र मुलायम सिंह के साथ किया था। कृष्ण शंकर ने बताया कि उनका दामाद जीतू महाराष्ट्र में प्राइवेट नौकरी करता है। वहां उसने दूसरी लड़की से चुपके से शादी कर ली। इसके बाद ससुरालवाले सुषमा को परेशान करने लगे। सुषमा रक्षाबंधन पर मायके आई थी। सोमवार रात करीब 12 बजे उसने अपने ऊपर केरोसिन डालकर आग लगा ली। उसकी चीख सुनकर घर के लोग जागे और उसे महेवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। अहेरीपुर चौकी इंचार्ज संतोष कुमार मय फोर्स मौके पर पहुंचे और पंचनामा भरवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।