वेलेंटाइन डे पर रविवार को एक युवती ने शहर कोतवाली क्षेत्र में प्रेमी के घर के सामने जमकर हंगामा काटा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती की बात सुनी और कार्रवाई का भरोसा देकर उसे शांत किया।
युवती ने प्रेमी पर धोखा देकर रुपये व जेवर छीनने के आरोप लगाए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच की बात कह रही है। मोहल्ला लालकुर्ती निवासी एक युवती का हुसैनगंज निवासी एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
रविवार को वेलेंटाइन डे पर युवती, युवक के घर पहुंच गई और विवाह के लिए कहने लगी। युवक ने जब मना किया तो युवती ने उसके घर के सामने ही हंगामा काटना शुरू कर दिया था।
युवती का आरोप है कि युवक ने वेलेंटाइन डे के मौके पर विवाह करने के लिए उसे अपने घर बुलाया था। जिसकी वजह से वह विवाह का जोड़ा, जेवर व रुपये लेकर पहुंची है।
उसके प्रेमी ने जेवर व रुपये छीन लिए और उसे घर से धक्का देकर बाहर कर दिया। मोहल्ले में हंगामा होता देख पड़ोसियों ने सूचना शहर कोतवाली को दी। थोड़ी ही देर में सीओ राहुल मिठास, प्रभारी निरीक्षक दीपक शुक्ला, महिला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची।
यहां पर पुलिस ने युवती की बात सुनी और कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद युवती शांत हुई। युवती ने इस संबंध में अपने प्रेमी के खिलाफ तहरीर भी दी।