हाथरस। चंदपा क्षेत्र के गांव में सात फरवरी की रात दलित किशोरी की गला रेतकर हत्या करने के आरोपी उसके पड़ोसी युवक अमित उर्फ शीटू पुत्र सत्यवीर को चंदपा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक शीटू और लड़की के बीच डेढ़ साल से प्रेम संबंध थे। शीटू नहीं चाहता था कि लड़की की शादी उसके परिजन कहीं और करें। उसने वारदात की रात को लड़की को घर के बाहर बुलाया और छुरे से गला रेत दिया। पुलिस ने आलू के खेत की मेड़ से छुरा भी बरामद कर लिया है।पुलिस के इस खुलासे को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। शीटू के पकड़ में आने के बाद पुलिस ने दो दिन तक उससे पूछताछ की और चुपचाप उसे जेल भेज दिया। मीडिया से आरोपी को दूर रखा गया, जिससे आरोपी का पक्ष पता नहीं चला। पुलिस हत्या के पीछे जो कारण बता रही है, वह गले नहीं उतर रहा। लड़की का रिश्ता कहीं भी तय नहीं हुआ था। ऐसे में उसकी कहीं और शादी करने और इसे लेकर हत्या करने का सवाल खड़ा होता हुआ नहीं दिख रहा है। किशोरी के पिता ने शीटू के हत्या करने की आशंका जाहिर की थी, क्योंकि लड़की और शीटू के बीच प्रेम संबंधों का उन्हें पता था। पुलिस ने शीटू को गिरफ्तार कर इसे साबित कर दिया है। ---------शीटू ने हत्या करने की बात कबूल की है। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। पूछताछ के बाद उसे जेल भेजा गया है। --एके सिंह, थानाध्यक्ष, चंदपा कोतवाली---