रेउसा थाना क्षेत्र के कुसमौरा बाजार में एक दुकानदार ने शॉप पर काम करने वाले किशोर पर 500 रुपये की चोरी का इल्जाम लगाकर अपने साथी संग बेल्टों से बुरी तरह पीटा। बेल्ट की पिटाई से किशोर की चमड़ी उधड़ गई।
पीड़ित ने दुकान मालिक सहित दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज किया जा रहा है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। रेउसा के चौंसा गांव निवासी अब्दुल मन्नान क्षेत्र के ही कुसमौरा बाजार में सलमान निवासी नगरौली की दुकान पर काम करता था। मंगलवार को दुकानदार भोजन करने चला गया।
इस बीच ग्राहक के आने पर मन्नान ने सौ रुपये का सामान बेचा और दुकानदार के वापस आने पर वह रुपये सलमान को दे दिए। इसी बात पर झल्लाए दुकानदार सलमान अपने सहयोगी उस्मान के साथ नौकर को कमरे में खींच ले गया और कपड़े उतारकर चमड़े की बेल्ट से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
पिटाई के बाद जख्मी मन्नान को उसके गांव के पास छोड़ दिया। आरोप है कि इन लोगों ने मन्नान की पिटाई करने के साथ ही उसका मोबाइल व कुछ पैसे भी छीन लिए। घटना के बाद पीड़ित किशोर परिवारीजन के साथ थाने पहुंचा। जहां उसने सलमान व उस्मान के खिलाफ तहरीर दी है। एसओ डीके सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। केस दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।