थानगांव (सीतापुर)। एक युवक शराब के नशे में धुत होकर घोड़ी को तेज रफ्तार से भगा रहा था। अचानक एक बुजुर्ग घोड़ी की चपेट में आ गया। इससे वह नीचे गिर गया।
घोड़ी उसके सीने पर पैर रखकर आगे निकल गई। बुजुर्ग जख्मी हो गया। थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई। थानगांव इलाके के रंडाकोडर मजरा अयोध्यापुरवा निवासी कल्लू (65) पुत्र शुभकरन मंगलवार शाम को इंडिया मार्का हैंडपंप पर पानी लेने गए थे।
तभी गांव निवासी आलम शराब के नशे में घोड़ी पर सवार होकर तेज गति से जा रहा था। अचानक कल्लू घोड़ी की चपेट में आकर नीचे गिर गया। इससे घोड़ी का पैर बुजुर्ग पर पड़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
उनको सीएचसी ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में बुजुर्ग की मौत हो गई।
एसओ संजीव कुशवाहा का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।