पुलिस लाइंस के निकट हुआ हादसा, हरदोई जिले की निवासी है मृतका
सीतापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस लाइन के निकट गुरुवार को भी हादसा हुआ। यहां पर ट्रक ने पैदल जा रही महिला को रौंद दिया, इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला हरदोई जिले की निवासी है। जिस स्थान पर महिला की जान गई है, एक दिन पूर्व भी इसी स्थान पर एक ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया था।
लगातार हो रहे हादसों से जिम्मेदार सबक लेते नजर नहीं आ रहे हैं। हरदोई जिले के पिहानी थाना क्षेत्र के मोहल्ला मीर सरांय कोट निवासी योगेंद्र अपनी पत्नी उर्मिला देवी (45) के साथ अपनी रिश्तेदारी में हरगांव क्षेत्र के ग्राम उदईपुर गया था। गुरुवार को वह परिवार के साथ वापस घर के लिए निकला।
पुलिस लाइन के निकट योगेंद्र व उसकी पत्नी उर्मिला देवी पैदल ही जा रही थी। इसी बीच सीतापुर-लखीमपुर मार्ग पर एक ट्रक ने उर्मिला को रौंद दिया। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे को लेकर क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि यहां पर यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रहीं हैं।
भारी वाहन दिन के समय भीड़ में ही चल रहे हैं जिससे जाम लगने के साथ ही लोग हादसों में अपनी जान गंवा रहे हैं। महज 16 घंटों में ट्रकों से तीन हादसे हुए हैं। इनमें दो की जान गई है। एक महिला घायल हुई है। जबकि एक बाइक सवार बाल-बाल बचा है। क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि अगर समय रहते जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया, तो हादसों की तस्वीर और भी भयावह हो सकती है।