मचा हड़कंप, सीएचसी सिधौली में कराया इलाज
सिधौली/कमलापुर। कमलापुर थाना क्षेत्र में नाली के विवाद के दौरान शांतिभंग की आशंका में पकड़कर थाने लाए गए एक आरोपी को गुरुवार को थाने में ही करंट लग गया। इससे थाना परिसर में हड़कंप मच गया। आननफानन पुलिस कर्मियों ने आरोपी को सीएचसी सिधौली पहुंचाया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी।
कमलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर निवासी मट्टू का गांव के ही बिंद्रा प्रसाद से नाली को लेकर विवाद हो गया। तकरार बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद कर रहे मट्टू, राकेश, कन्हैया, रामकिशन व दूसरे पक्ष बिंद्रा व कौशल पकड़कर थाने ले आई।
पुलिस लिखा-पढ़ी में जुटी हुई थी, इसी बीच मट्टू के सिर में थाना परिसर में लटक रहा बिजली का तार लग गया। तार लगते ही वह करंट की चपेट में आ गया और गिर गया। उसके गिरते ही थाना परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आननफानन मट्टू को सीएचसी सिधौली भेजा।