साइबर सेल की सख्ती आई काम, ठगों ने वापस किए रुपये
सीतापुर। साइबर सेल की सख्ती काम आई और ठगों ने पीड़ित के खाते में 19 हजार रुपये वापस भेज दिए। पीड़ित ने इस मामले में एसपी से शिकायत की थी। अब पुलिस इनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
इमलिया सुल्तानपुर के मल्लपुर निवासी सोनू सिंह ने एसपी से शिकायत की थी, कि ठगों ने उसके खाते से करीब 19 हजार रुपये निकाल लिए हैं।
इस पर एसपी आनंद कुलकर्णी ने साइबर सेल को मामले की जांच दी। एएसपी मधुबन सिंह ने बताया कि एसपी के निर्देश पर साइबर सेल की टीम ने काफी प्रयास के बाद साइबर ठगों से संपर्क साधा और पीड़ित को रुपये वापस करने का दबाव बनाया।
पैसा न वापस करने पर कार्रवाई की धमकी भी दी। दबाव बढ़ते देख साइबर ठगों ने 19 हजार की रकम पीड़ित के खाते में भेज दी। एएसपी सिंह ने बताया कि ठग की लोकेशन झारखंड मिली है। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।