हत्या आरोपी गिरफ्तार, आला कत्ल बरामद
लहरपुर(सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र में तीन दिन पहले हुए कत्ल के मामले में पुलिस ने हत्या आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं उसके कब्जे से आला कत्ल भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की है।
कोतवाली क्षेत्र के गौरिया प्रहलादपुर निवासी गुड्डू की पत्नी जयदेवी(35) की शुक्रवार की रात गला काटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पीड़ित परिवार ने गांव के ही राजेश उर्फ महतिया के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था। राजेश उर्फ महतिया कत्ल के बाद से ही फरार हो गया था। रविवार की रात लहरपुर पुलिस ने गौरिया प्रहलादपुर गांव के निकट ही नाकेबंदी की। जिसके बाद पुलिस ने गांव के निकट से ही राजेश उर्फ महतिया को दबोच लिया। प्रभारी निरीक्षक मथुरा राय ने बताया कि हत्या आरोपी की निशानदेही पर आला कत्ल बरामद कर लिया है। आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।