फंदे पर लटकता मिला युवक का शव
मानपुर (सीतापुर)। शाहपुर मजरा कटिया गांव के एक युवक का शव मंगलवार को संदिग्ध हालात में फंदे से लटकता मिला। पिता ने चार लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मानपुर के शाहपुर मजरा कटिया निवासी राजेंद्र कुमार (18) सुबह घर से खेत जाने के लिए निकला था। काफी देर होने पर जब वह नहीं लौटा तो परिवारीजन ने उसके छोटे भाई को खेत भेजा। जहां आम के पेड़ से राजेंद्र का शव संदिग्ध हालात में लटकता मिला। जानकारी होने पर परिवारीजन मौके पर पहुंचे। साथ ही पुलिस बुलाई गई। पुलिस ने जांच कर शव को कब्जे में ले लिया। मृतक के पिता का आरोप है कि एक दिन पूर्व राजेंद्र का कुछ युवकों से खेत में अमरूद तोड़ने का विवाद हुआ था। मंगलवार को जब राजेंद्र को बुलाने के लिए बच्चे को भेजा तो वही लोग खेत से भाग रहे थे। जब बच्चा पड़ोस पहुंचा तो राजेंद्र का शव फांसी पर लटक रहा था। जिसके चलते मृतक के पिता ने चार लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसने केस दर्ज नहीं कराया था। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।