पिसावां थाना क्षेत्र के दिलावलपुर गांव में रंजिश में मंगलवार को दो पक्ष भिड़ गए। दोनों ओर से जमकर लाठियां, कांता, बल्लम व कुदाल चले। फौजदारी में दोनों पक्ष के नौ लोग जख्मी हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।
पिसावां के दिलावलपुर गांव निवासी मकरंद व ओम प्रकाश के खेतों के बीच से चकरोड निकला है। बताते हैं कि तीन दिन पूर्व ओम प्रकाश ने चकरोड से ट्रैक्टर निकाला था। इससे मकरंद के खेत को नुकसान हो गया था। नुकसान को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी।
मंगलवार को मकरंद पक्ष का गुड्डू खेतों की ओर गया था। ओम प्रकाश पक्ष के लोगों ने उसे दौड़ा लिया। जान बचाने के लिए वह गुड्डू घर की ओर भागा, लेकिन हमलावरों ने वहां भी उसे नहीं छोड़ा। इस बीच दोनों पक्ष लाठी, बल्लम, कांता व कुदाल आदि लेकर एक-दूसरे पर हमलावर हो गए।
हमले में एक पक्ष से मकरंद, गुड्डू, अवधेश, बिट्टू व बिटोली, राधा घायल हुईं। वहीं दूसरे पक्ष से नन्हे, पप्पू व दिनेश घायल हुए हैं। सभी घायलों को पिसावां से जिला अस्पताल लाया गया। घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। एसओ केके मिश्रा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।