इमलिया सुल्तानपुर में बैंक से रुपये निकालकर घर जा रहा था पीड़ित
इमलिया सुल्तानपुर (सीतापुर)। थाना इलाके में शनिवार दोपहर को बाइक सवार सशस्त्र बदमाशों ने बैंक से पैसे निकालकर घर जा रहे साइकिल सवार युवक को असलहे के बल पर रोक लिया और उससे 56 हजार रुपये लूट लिए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है, हालांकि लूट के खुलासे के लिए पुलिस बैंक के सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुटी है। इमलिया सुल्तानपुर इलाके के काजीकमालपुर निवासी रामलोटन दोपहर में साइकिल से इमलिया सुल्तानपुर आया था।
उसके पास पहले से 35 हजार थे। कस्बे में रामलोटन ने इलाहाबाद बैंक से 21 हजार रुपये अपने खाते से निकाले थे। बाद में वह अपने पैतृक गांव हरिनाथपुर जा रहा था। रास्ते में बेहड़ा मोड़ के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर जबरन पैसे छीनने लगे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
इस दौरान किसान की जेब में रखी 56 हजार की नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर सीओ सदर व एसओ इमलिया राय साहब द्विवेदी मय फोर्स के साथ इलाहाबाद बैंक पहुंचे और रुपये निकालने की शाखा प्रबंधक कमलेश पाण्डेय से जानकारी ली तथा सीसीटीवी फुटेज देखे।
उसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर वहां का जायजा लिया। थानाध्यक्ष राय साहब द्विवेदी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज करके पड़ताल की जा रही है।