कोतवाली पर हिंदूवादियों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
सिकंदराराऊ (हाथरस)। पुरदिलनगर में शुक्रवार की रात पशु चोरों ने एक गाय को चुरा कर कस्बे के बाहर स्थित एक कट्टीघर में ले जाकर काट डाला। इसी बीच खोजबीन करते हुए लोग वहां पहुंचे तो आरोपी कुल्हाड़ी, छुरे आदि छोड़कर फरार हो गए। शनिवार सुबह बड़ी संख्या में आक्रोशित लोग कोतवाली आ गए। गाय मालिक ने तीन नामजद व तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। तनावपूर्ण हालात को देखते हुए कस्बे में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है।
कस्बे के मोहल्ला पथवारी गेट निवासी भुवनेश शर्मा पुत्र शेषचंद्र शर्मा की गाय शुक्रवार रात गायब हो गई थी। रात में ही उन्होंने अन्य लोगों के साथ गाय की तलाश शुरू कर दी। जलेसर रोड के कट्टीघर के पास पहुंचने पर उन्होंने देखा कि गाय को छह लोग कुल्हाड़ी से काट रहे हैं। टार्च की रोशनी में तीन लोगों को पहचान कर आवाज दी गई तो वे भाग खड़े हुए।
पास जाकर देखा तो गाय मर चुकी थी। कुल्हाड़ी और छुरे पड़े मिले। भुवनेश ने कस्बावासी बंटी पुत्र इब्ने हसन, बंटी पुत्र बब्बू मामू, चाहत पुत्र सूखे एवं तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया है।