रामकोट थाना क्षेत्र में कटीली के निकट बुधवार की देर शाम दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने दुकान बंद कर घर जा रहे किराना के थोक व्यापारी को रोक लिया और उसकी बाइक व 75 हजार नकदी लूट ली।
वारदात अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र में कांबिंग कराई तो पिरई नदी के पुल के निकट लूटी गई बाइक बरामद हो गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है।
खूबपुर निवासी सतीश रामकोट थाना क्षेत्र के ही नेरी चौराहे के पास किराना का थोक व्यापार करता है। उसने बताया कि बुधवार देर शाम वह दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहा था।
हाईवे पर कटीली के पास दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उसे रोक लिया और असलहों के बल पर उसकी बाइक व 75 हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने कटीली पुलिस चौकी पर सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। इस बीच पिरई नदी पुल के निकट लूटी गई बाइक बरामद हो गई। एसओ केबी सिंह का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।