बाइक सवार से दो लाख लूटे
सीतापुर। बिसवां कोतवाली क्षेत्र में सोमवार शाम सशस्त्र बदमाशों ने एक बाइक सवार से दो लाख रुपये लूट लिए। सूचना के बाद पुलिस ने पूरे जिले में अलर्ट किया। बावजूद इसके बदमाश पुलिस के हाथ नहीं लग सके।
तंबौर थाना कस्बा निवासी सूरज किसी काम से बाइक से लखनऊ गया था। रास्ते में बिसवां कोतवाली क्षेत्र में भोलागंज के निकट चार सशस्त्र नकाबपोश बदमाशों ने बाइक को रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने लूटपाट शुरू कर दी।
सूरज ने लूटपाट का विरोध किया तो बदमाशों ने उसकी पिटाई की और अवैध असलहों से धमकाते हुए दो लाख रुपये लूट लिए। रुपये हाथ में आने के बाद बदमाश सूरज को मुंह न खोलने की धमकी देते हुए भाग गए। सूरज ने यूपी-100 पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही पूरे जिले में पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई। जगह-जगह चेकिंग अभियान चला। बावजूद इसके बदमाश पुलिस के हाथ नहीं लग सके। घटना के बाबत भारी निरीक्षक हरमीत सिंह ने बताया कि लूट की सूचना मिली है। जांच की जा रही है। तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है।