सड़क हादसों में एक की मौत, चार घायल
अटरिया/रेउसा। अटरिया थाना क्षेत्र में सड़क पार करते समय बाइक की टक्कर लगने से एक अधेड़ की मौत हो गई।
उधर, रेउसा में दो बाइकों की भिड़ंत में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी रेउसा में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक युवक बहराइच जिले का निवासी है।
अटरिया के ग्राम सहजनपुर निवासी रामपाल (52) कुंवरपुर बाजार गया था। सब्जी खरीदने के बाद वह गांव के निकट ही सड़क पार कर रहा था।
इसी बीच हाईवे पर एक बाइक ने रामपाल को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के सदस्य उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उसने दम तोड़ दिया।
उधर, रेउसा थाना क्षेत्र के ग्राम चंदौली के निकट रेउसा-महमूदाबाद मार्ग पर दो बाइकों की टक्कर हो गई। इससे एक बाइक पर सवार बहराइच के बौड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम मुरौआ मुंसारी निवासी सोनू (25), दूसरी बाइक पर सवार रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के ग्राम बांसुरा निवासी बिलाल (48), नूर आलम (24) व लहरपुर कस्बा निवासी अतीक उर्फ मुन्ना (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हादसा ट्रिपलिंग के कारण हुआ। पुलिस ने घायलों को रेउसा सीएचसी में भर्ती कराया है।